रीवा शहर के कन्या महाविद्यालय के आडिटोरियम में विश्वरंग पुस्तक यात्रा का विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने शुभारंभ किया। छात्राओं को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उच्च शिक्षा देने के उद्देश्य से जल्द रीवा में कन्या विश्वविद्यालय खुलेगा। इसके लिए विधानसभा में संकल्प पत्र प्रस्तुत हो चुका है। उन्होंने कन्या महाविद्यालय के पहुंचमार्ग की मरम्मत, आडिटोरियम की साज-सज्जा करने और कन्या महाविद्यालय के उन्नयन के प्रयास करने की स्वीकृत दी।

गिरीश गौतम ने कहा कि आज के युग में छात्र किताबों से दूर हो रहा है। विश्व की हर जानकारी एक क्लिक में मोबाइल पर मिल रही है। लेकिन मोबाइल की जानकारी परिपूर्ण नहीं होती। कोई भी जानकारी प्राप्त करने के लिये हमें पुस्तकों का सहारा लेना होगा। युवाओं एवं छात्रों का दिन प्रतिदिन किताबों से दूर होने का कारण यह भी कह सकते हैं कि आज रचनाकार एवं साहित्यकार अच्छा साहित्य नहीं लिख रहे है। रविन्द्रनाथ टैगौर, प्रेमचन्द्र एवं दिनकर जी की किताबे आज भी लोग बड़ी रूचि के साथ पढ़ते है।

कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता सिंह ने विश्वरंग पुस्तक यात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत भारत एवं अन्य 50 देशों से पुस्तक यात्रा निकाली जा रही है। हमारे देश में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार एवं झारखण्ड सहित 11 स्थानों से 100 जिलों 20 विकासखण्डों एवं 500 ग्राम पंचायतों से पुस्तक यात्रा निकाली जायेगी।

पुस्तक यात्रा के समापन पर भोपाल के मिन्टों हाल में 50 राष्ट्रों को साहित्यकार एवं प्रतिनिधियों का समागम होगा। संचालन समाजसेवी डॉ. मुकेश येंगल ने किया। कार्यक्रम में डॉ. ज्योति सिंह, रचना श्रीवास्तव, प्रवीण तिवारी, मुकेश पाण्डेय, एनएन द्विवेदी, वरूण शुक्ला सहित अन्य प्रोफेसर उपस्थित थे।