जकार्ता के मस्जिद में लगी भीषण आग (Photo Source- Screengrab/ Social Media)

Jakarta Mosque Fire: इंडोनेशिया के जकार्ता में इस्लामिक सेंटर मस्जिद का विशाल गुंबद बुधवार (19 अक्टूबर) को आग लगने के बाद ढह गया। उत्तरी जकार्ता स्थित जामी मस्जिद (Jami Mosque) के बड़े गुंबद में बुधवार को भीषण आग लग गई, जिसके बाद वह नीचे गिर गया। मस्जिद इस्लामिक अध्ययन और विकास पर एक थिंक टैंक जकार्ता इस्लामिक सेंटर से संबंधित भवन परिसर में स्थित है।

स्‍थानीय मीडिया के मुताबिक, इस हादसे में किसी की जान नहीं गई है। बताया जा रहा है कि गुंबद परिसर में आग तब लगी, जब इसके रिनोवेशन का काम चल रहा था। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा गुंबद ही ढह गया। पुलिस ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि मस्जिद की मरम्मत का काम करने वाली ठेकेदार कंपनी के चार कर्मचारियों से पूछताछ की गई है।

आग लगने से ढहा गुंबद: जकार्ता की मस्जिद के गुंबद के ढहने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस वीडियो में दिख रहा है कि गुंबद के एक हिस्‍से में आग लगी हुई है। कई सारे लोग इस आग को बुझाने में लगे हुए हैं लेकिन हवा तेज होने के कारण आग बढ़ती जा रही है। गुंबद के आसपास काफी धुंआ है, तभी अचानक गुंबद ताश के पत्‍तों की तरह ढह जाता है। इंडोनेशिया मीडिया ने बताया कि स्थानीय समयानुसार दोपहर 3 बजे के बाद दमकलकर्मियों को आग लगने की सूचना दी गई, जिसके बाद कम से कम दस फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया।

इमारत में काम करने वाले ठेकेदारों से पूछताछ: हालांकि, गुंबद में आग कैसे लगी इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, मीडिया के मुताबिक, गुंबद में रिनोवेशन का काम चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान आग लगी होगी। स्थानीय मीडिया ने कहा कि पुलिस आग के कारणों की जांच कर रही है और इमारत में काम करने वाले ठेकेदारों से भी पूछताछ हो रही है। मस्जिद के अलावा इस्लामिक सेंटर परिसर में शैक्षिक, वाणिज्यिक और अनुसंधान सुविधाएं भी हैं।