सोनभद्र में खनिज विभाग के खान निरीक्षक को धमकाने वाले पासरो(टोल प्लाजा पर वाहनों को पास कराने वाले) को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आपको बता दें कि 15 सितम्बर 2022 को खान निरीक्षक मनोज कुमार जिला खनिज कार्यालय कलेक्ट्रेट लोढ़ी सोनभद्र द्वारा थाना रॉबर्ट्सगंज पर लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया था।

15 सितम्बर 2022 को सुबह लगभग 7 बजे इको पाईन्ट व उरमौरा के बीच वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस व खनन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ओवरलोड/बिना परमिट के वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान बिना परमिट और ओवरलोड गाड़ियों को पास कराने वाले युवकों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।


यह था पूरा मामला

खनिज विभाग सोनभद्र के खनिज निरीक्षक ने रॉबर्ट्सगंज में जांच के दौरान 12 वाहन उपखनिजों का अवैध परिवहन करते हुये पाया गया। वाहनों को थाना परिसर ले जाते समय तीन व्यक्ति राजू कुमार गुप्ता पुत्र मनाऊलाल निवासी मारकुण्डी थाना चोपन जनपद सोनभद्र उम्र लगभग 29 वर्ष, संदीप जायसवाल पुत्र लक्ष्मण जायसवाल निवासी सुअरसोतखुर्द थाना मांची जनपद सोनभद्र उम्र लगभग 21 वर्ष एवं राधेश्याम उर्फ अमित कुमार पुत्र स्व राजकुमार जायसवाल निवासी सुअरसोतखुर्द थाना मांची सोनभद्र उम्र लगभग 26 वर्ष द्वारा 2 दोपहिया वाहन (बिना नम्बर प्लेट) से आकर पकड़े गये वाहनों को जबरदस्ती छुड़वाने की कोशिश करने लगे। जांच टीम द्वारा पकड़े गये वाहन नहीं छोड़े जाने पर तीनों व्यक्तियों द्वारा सरकारी कार्यों में बाधा एवं अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।


पुलिस ने मौके से 3 युवकों को किया गिरफ्तार

खनिज निरीक्षक की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस द्वारा उपरोक्त 3 व्यक्तियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। इन सभी को आज जेल भेज दिया गया। इनके सम्बन्ध में थाना रॉबर्ट्सगंज पर मुकदमा अपराध संख्या 705/22 धारा 332, 353, 186, 504, 506 भारतीय दंड विधान व 3/4 लोक सम्पत्ति क्षति निवारण अधिनियम का अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाले पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पाण्डेय थाना राबर्ट्सगंज जनपद सोनभद्र, आरक्षी रमेश गौंड़ थाना राबर्ट्सगंज जनपद सोनभद्र एवं आरक्षी विरेन्द्र कुमार थाना राबर्ट्सगंज जनपद सोनभद्र शामिल थे।