बेटी के घर जाने की कहकर निकली थी महिला, गली में पड़ा मिला शव

मृतका सावित्री उर्फ जलेबी बाई जिनकी हत्या कर दी गई।

भीम नगर में हुई घटना

ग्वालियर में सोमवार सुबह एक महिला की हत्या हुई है। महिला एक दिन पहले बेटी के घर मिलने जाने की कहकर घर से निकली थी। तभी से वह लापता थी। सोमवार सुबह महिला का शव बेटी के घर से 100 मीटर की दूरी पर गली में पड़ा मिला है। अधेड़ महिला के हाथ रस्सी से बंधे हैं और मुंह पर साफी बंधी हुई है। चेहरे और सिर पर धारदार हथियार से वार करने के बाद पत्थर से चेहरा कुचला गया है।

घटना भीम नगर डीपी के पास कुम्हारपुरा की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जिस जगह शव मिला है वहां शव को घसीटने के निशान भी हैं। इससे साफ है कि घटना स्थल कहीं और है। यहां सिर्फ बॉडी को डंप किया गया है। अधेड़ के साथ कोई दुष्कर्म हुआ है या नहीं इसका भी पता लगाया जा रहा है।

हत्या के बाद इस गली में शव फेंका गया है, स्पॉट पर एसएसपी अमित सांघी

शहर के थाटीपुर साठफुटा रोड निवासी 55 वर्षीय चतरो बाई उर्फ सावित्री उर्फ जलेबी बाई के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। बेटियों की शादी हो चुकी है। बड़ा बेटा नरेश पत्नी के साथ अलग घर में रहता है। दो बेटे पप्पू और मुकेश मां के साथ रहते हैं। रविवार दोपहर 1 बजे सावित्री अपनी बेटी सुनीता से मिलने के लिए निकली थी। महिला की बेटी भी इसी मोहल्ले में 500 मीटर की दूरी पर रहती है। पर रविवार दोपहर के बाद महिला का कुछ पता नहीं था। वह बेटी के यहां पहुंची नहीं और घर पर लौटी नहीं। रात को बेटे गाड़ी चलाने के लिए निकल गए। सोमवार सुबह भीम नगर में महिला और उसकी बेटी के घर के बीच में एक गली में महिला का शव पड़ा मिला है। जब लोगों ने शव देखा तो मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, सीएसपी ऋषिकेश मीणा व थाना प्रभारी थाटीपुर पंकज त्यागी मौके पर पहुंच गए। तत्काल शव को निगरानी में लेकर छानबीन शुरू की गई।

महिला के सिर व चेहरे पर कुल्हाड़ी से वार फिर पत्थर से कुचला

- महिला की हत्या काफी बेरहमी से की गई है। जिसने भी उसकी हत्या की है उसने पहले रस्सी से हाथ बांधे हैं फिर सफेद रंग की साफी से उसका मुंह बांध दिया। हाथ और मुंह बांधने के बाद कुल्हाड़ी जैसे हथियार से कई वार किए गए हैं। आखिर में चेहरा बिगाड़ने के लिए पत्थर से चेहरा कुचला गया है। पुलिस ने जांच के लिए BSF से डॉग स्क्वॉड़ को बुलाया है, क्योंकि ग्वालियर पुलिस और मुरैना पुलिस के डॉग ट्रेनिंग के लिए भोपाल गए हैं।

हत्या कहीं कर शव को यहां डंप किया गया

- पुलिस ने हत्या की जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट साइंटिस्ट अखिलेश भार्गव को भी मौके पर बुला लिया है। एक्सपर्ट ने जांच की है। चेहरे पर किसी धारदार तिकोने कुल्हाड़ी जैसे हथियार के अलावा पत्थर से कुचलने के निशान हैं। जिस तरह से महिला के हाथ पैर बांधे गए हैं उससे साफ है कि हत्या करने वाला उससे काफी नाराज था। महिला की हत्या कहीं और की गई है, जहां बॉडी मिली है वहां शव को घसीटने के निशान हैं। साथ ही महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। उसके लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट ने स्लाइड बनवाई है।

आखिरकार हत्या किसने की

- पुलिस पता लगा रही है कि आखिरकार इतनी घनी आबादी वाले मोहल्ले में महिला की हत्या करने के बाद गली में शव किसने फेंका। हत्या करने वाला काफी बेखौफ है। इसलिए उसने लाश को फेंकने के लिए मृतका और उसकी बेटी के घर के बीच की गली चुनी है। पुलिस को आशंका है कि हत्या करने वाला कोई करीबी ही है। साल 2017 में महिला के पति की टीबी से मौत हो गई थी। पुलिस देख रही है कि मृतका के पास किसका आना जाना था। कौन आखिरी बार उसके साथ देखा गया था।

पुलिस का कहना

एसएसपी ग्वालियर अमित सांघी का कहना है कि महिला की हत्या हुई है। गली में शव को फेंका गया है। जांच की जा रही है। आसपास सीसीटीवी कैमरे भी तलाशे जा रहे हैं। जल्द ही पुलिस मामले का खुलासा करेगी