सगाई के बाद युवक अपनी मंगेतर को घुमाने ले गया, फिर मौका पाकर युवती को गलत तरीके से टच किया और रिलेशन बनाने की कोशिश की। युवती ने उसकी नीयत भांप मना कर दिया। इससे वो इतना नाराज हो गया कि दहेज में स्कॉर्पियो और पांच लाख रुपए की डिमांड कर दी। लड़की वालों ने देने में असमर्थता जताई तो उसने सगाई तोड़ दी। ये मामला ग्वालियर का है।

युवती के घरवालों ने लड़केवालों को बहुत समझाया, बदनामी की बात भी कही, लेकिन वे नहीं माने। परेशान होकर डीडी नगर में रहने वाली 30 साल की युवती महाराजपुरा थाना पहुंची। जहां उसने पुलिस को बताया, कि उसकी सगाई 8 जुलाई को बिरला नगर लाइन नंबर-3 निवासी युवक के साथ हुई थी। सगाई का कार्यक्रम एक बड़े होटल में हुआ था। 8 दिसंबर को शादी की तारीख तय हुई। परिवार शादी की तैयारियों में लग गया। पिता ने मैरिज गार्डन, होटल, हलवाई भी बुक कर दिए।
महाराजपुरा पुलिस ने युवती की शिकायत पर लड़केवालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

संबंध बनाने के लिए दबाव डालने लगा

उधर, सगाई के बाद मंगेतर का भी घर आना-जाना शुरू हो गया। कई बार वो उसे घुमाने के बहाने बाहर ले गया। यहां मौका मिलते ही वो गलत तरीके से टच करता। शादी तय होने से लड़की ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया। लेकिन फिर वह संबंध बनाने के लिए दबाव डालने लगा। लड़की ने मना किया तो स्कॉर्पियो और पांच लाख रुपए की डिमांड कर दी। परिवार ने असमर्थता जताई तो शादी तोड़ दी। पुलिस ने दहेज प्रताड़ना और छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया है।

सगाई में दिए थे पांच लाख रुपए

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि सगाई में लड़के वालों की मांग पर पांच लाख रुपए दिए थे। साथ ही जिस होटल में सगाई हुई थी, वहां का पूरा खर्चा भी लड़की वालों ने ही उठाया था। इसके अलावा सोने की चेन, अंगूठी भी दी थी। पीड़िता के अनुसार सगाई के बाद शादी की तैयारी में भी दो लाख रुपए खर्च हो चुके हैं। अब शादी तोड़ने पर उनकी बदनामी हो रही है। सीएसपी रवि भदौरिया ने बताया कि युवती की शिकायत पर दहेज एक्ट व छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।